Saturday, September 12, 2009

बारिश पर सट्टा लगाओगे क्या?


चार दिन की लगातार बारिश ने लोगों को परेशान कर दिया। और लोगों को भी क्या, सच कहिये तो खुदा की ख़ुद की परेशानी बढ़ा दी। हर तरफ़ से एक ही आवाज़, 'भगवान् बस भी करो'। अल्लाह भी परेशान, ये आदमी है या कुछ और? अरे कोई जुबां भी है इसकी? अभी कल तक तो इन सबकी साझा आवाज़ आ रही थी बारिश कर दो, और अब? कितना करह रहे थे सब। कुछ भी कर दो इनको सुकून ही नही मिलता।
अभी दिन ही कितने हुए हैं। हर तरफ़ से त्राहि माम, त्राहि माम। हर एक का यही उलाहना, खुदा क्या अब मार कर ही दम लेगा। उलाहना आज भी वही है, बस वजह बदल गई है। कल जो आवाजे बुलंद होकर बारिश के लिए दुआ कर रहे थे वही इसके थमने को बेकरार हैं। अरे अभी हुई ही कितना है। मौसम विभाग भी अभी इसे औसत से २६ प्रतिशत कम तक मान रहा है। बंद कर दूँ तो फिर रोते कराहते आयेंगे, "या अल्लाह बरसा दो, मेघ दो पानी दो..."।
आम आदमी की कराहट तो समझ आती है, वो भी तो दिल दिल में दुआ कर रहे हैं जिन्हें कुदरत के होने में ही शक है। और वो भी जो हकीकत में शैतान के पथ प्रदर्शक की भूमिका निभा रहे हैं खुदा से ज़्यादा ही मन्नतें कर रहे हैं। इनका दर्द ज़्यादा बारिश से जनजीवन की अस्तव्यस्तता नही बल्कि कुछ और वजह से है। इन्हे इस बात से मतलब नही के बरसात में घर टपक रहा है, या फिर गिर भी सकता है। इनके महल में तो बरसात की सीलन भी नही पहुँचती। फिर ये डर किस चीज़ का?
अब आप भी जानने को ज़्यादा जिज्ञासु न हों मई बता ही देता हूँ। ये देखने में हम आप जैसे ही हैं मगर इनके जीवन में जो उतार चढाव आते हैं उनके सरोकार ज़रा जुदा हैं। इन्हे फ़िक्र है है के बारिश अगर यूँ ही बरसती रही तो सूखा कैसे पड़ेगा? अरे ये क्या ये तो चावल की फसल को बहुत ज़्यादा फायदा हो गया। इनका दिल इस बात से भी डूब रहा है की इस बारिश से दाल की फसल अच्छी हो जाएगी।
जी हाँ आप ठीक समझ रहे हैं। ये सटोरियों की दास्ताँ सुनाई जा रही है। लोगो के ग़म से इन्हे खुशी हासिल होती है। इन्हे इस बात से कोई सरोकार नही की चावल अगर दो रूपये किलो महंगा होगा तो कई परिवारों में लोगों को आधे पेट खाकर ही सोना होगा। दाल अगर नब्बे रूपये किलो बिक रही है तो बिके । इन्हे क्या? इसी में तो इनकी खुशी है। इस से देश की दो तिहाई आबादी का बजट बिगडेगा मगर इनका सेंसेक्स उपर उठता ही जाएगा। इन्होने जो माल अपने गोदामों में जमा कर रखा है उसे दीमक भी लग जाए तो कोई फ़िक्र नही। एम् सी एक्स पर लगाया हुआ सट्टा उसकी ना सिर्फ़ भरपाई कर देगा बल्कि इन्हे बाज़ार की बुलंदी तक ले जाएगा।
जब इतने स्वार्थ जुड़े हों तो फिर फ़िक्र लाजिमी है। सो अब पेड दुआओं का दौर शुरू हो गया है। बारिश रोकने के लिए भगवन को रिश्वत आफ़र की का रही है। हवन वगैरा का सहारा लिया जा रहा है। पंडे पुरोहित भरोसा दिला रहे हैं, करोडो लोग भूके मरें तो मरें, किसान बरबाद हो तो हों, कोई क़र्ज़ में डूब कर आत्महत्या करे तो करे। यजमान आप फ़िक्र न करें। आप बस खर्च करते जाइए। भगवान् को हम रोक लेंगे। अगर बारिश आपका कारोबार डूबा रही तो हमारा क्या होगा। फिर आम आदमी की ज़िन्दगी में भी तो बरसात कीचड़ घोल रही है। भले हो वो नगर निगम के सौजन्य से हो। इसी बहाने आम आदमी के दर्द भी तो आप बाँट ही लेते हैं।
क्या कहा? शैतान और रहमान हमेशा साथ रहते हैं? शायद सटोरिया ठीक ही कह रहा है।

Thursday, September 10, 2009

दिल्ली में दिल नही लगता...


उस रोज़ जाने मेरा वक्त ही ख़राब आया था या फिर नियति को यही मंज़ूर था, कि मैं दिल्ली चला गया। दिल्ली यूँ तो मुझ से कभी दूर नही रही मगर ना जाने क्यों दिल्ली जाकर हमेशा ही मेरा दिल उचाट हो जाता है। इस में दिल्ली का कोई दोष नही। दोष तो मेरी आदतों का है जो मेरी आराम तलबी और मेरे निकम्मेपन ने बिगाड़ दी हैं।
दिल्ली कि रफ़्तार अब मुंबई को मात देती लगती है। यहाँ के लोग हालाँकि अभी मुंबई जितना स्वकेंद्रित, स्वार्थी और अपने आप में और अपने लिए जीने वाले नही हुए हैं। मगर फिर भी जाने क्यों लगता है कि हमारी दिल्ली अब दिल्ली नही रही और ना ही दिल्लीवासियों का पहले जैसा बड़ा दिल। धूल, धूप और उलझन के सिवा जो एक और चीज़ मुझे यहाँ कचोटती है वो है दिल्ली में पीने का पानी। अब क्या बताऊँ उस रोज़ कि भयंकर गर्मी ने मुझे बेहाल कर दिया। मै ग्यारह लीटर पानी पी गया मगर इस सब में मेरी जेब से खाने के पैसे भी ख़त्म हो गए। दिल्ली मेरा गाँव नही है जहाँ भले ही पनघट या तालाब ख़त्म हो गए हों पर पानी पीने के दाम नही चुकाने होते।
मेरे पास पैसे थे मैंने दाम चुका दिया । इतना ही नही जब पानी हाथ नही लगा तो कोल्ड ड्रिंक भी पी लिया । मगर दिल्ली में ऐसे कितने लोग होंगे जो रोजाना डेढ़ सौ रूपये प्रतिदिन का पानी पीने का सामर्थ्य रखते होंगे? ज़ाहिर है दिल्ली कि आधी से ज़्यादा आबादी मिनरल वाटर कि एक बोतल का दाम चुकाने की हालत में नही है। दिल्ली सिर्फ़ आलिशान अट्टालिकाओं में वास करने वाले मुट्ठी भर लोगो की नही है। यह लोगो की भी नही है जो फुटपाथ पर ज़िन्दगी गुज़र देते हैं। दिल्ली सिर्फ़ झुग्गी वालो की भी नही है।यह उन लोगों का शहर भी नही है जो रोजाना लाखों की तादात में यहाँ काम की तलाश में आते हैं और शाम होते होते लौट जाते हैं। दिल्ली इन सब की है , बल्कि हम सब की है।
मगर जब दिल्ली की आधी से ज़्यादा आबादी का दर्द समझने की कोशिश करता हूँ तो लगता है कि दिल्ली मेरी नही हो सकती। मुझे काम चाहिए और दिल्ली में वो है भी मगर इन हालत में गुज़र कैसे होगा नही जानता। मजबूर दिल्ली जाने को उकसाती है तो दिल यहाँ कि मुसीबतों का उलाहना देता है। हौंसला इन सब से लड़ने की बात करता है मगर दिमाग कहता है, तुम कोई क्रांतिकारी हो क्या? जब नही तो बस जैसे कट रही है गुजार लो। अपने दर्द क्या कम हैं जो नई नई आफतों से लड़ने के ख्वाब देखते हो। मगर फिर भी दिल्ली तो दिल्ली ही है।

Tuesday, September 8, 2009

बादल हुए बेईमान सजनी...



बरसात के मायने ही बदल गए लगते हैं। अब ना वो पहले जैसी झमाझम बारिश होती है और ना ही पहले जैसे कजरारे बादल आसमान पर नज़र आते हैं। याद आते हैं वो दिन जब पानी में कागज़ की कश्तियाँ मन की हिलोरों सी डोलती हुई दूर निकल जाती थीं। जगह जगह भरे हुए पानी में घर वालों की सख्ती के बावजूद धमाचौकडी वाला वो बचपन अब वापस नही आने वाला। और जो एक चीज़ वापस आती नही लगती है बचपन वाली झमाझम बरसात।

लोग कह रहे हैं बादल बेईमान हो गए हैं। कहीं फट कर बरसाने को तैयार हैं तो कहीं मुह छिपा कर निकल जाते हैं। हालाँकि बरसात की स्थिति में सुधार का दावा मौसम और कृषि विभाग कर रहा है और बारिश भयंकर सूखे की आशंकाओं को भी खारिज करती दिख रही मगर इस साल के हाल हमारे लए किसी चेतावनी से कम नही।

ऐसा नही है के बारिश बेईमान ही गई। दरअसल पिछले कुछ सालों में मौसम का चक्र ही बिगड़ गया है। रेगिस्तान पर बादल बरसने की खबरें आती हैं तो हरे मैदानों पर झुलसाने वाली गर्मी पड़ती है। गर्मी अब जल्दी आती है और देर से जाती है। सर्दियाँ एक बार आ जाती हैं तो लगते है वापस जाएंगी ही नही। यही हाल बरसात का भी है। बरसात बेईमान नही हुई है बल्कि थोड़ा देर से आती है। फिर बरसात ही क्यों ? पूरा मौसम चक्र ही दो महीना लेट हो गया है।
इस सब का जिम्मेदार कौन है? ज़ाहिर है हम ही लोग। मौसम चक्र बिगाड़ने में जितना हाथ ईश्वर की सर्वश्रेष्ठ कृति मान्य श्री मानव जी का है किसी और का नही। एक क़व्वाली के बोल याद आते हैं जिस में कव्वाल ईश्वर की तरफ़ से कह रहा है " मै बना कर तुझे ख़ुद परेशान हूँ... तुझ को दुनिया में लाना ग़ज़ब हो गया.." हालाँकि शायर ने ये सब किसी औरत के लिए कहा है मगर प्रकृति से छेड़छाड़ की बात आती है तो ये शब्द पूरी मानवजाति पर ही लागू होते हैं। हम ने पहाडो को तोड़ कर रास्ते बना दिए। आसमान पहाड़ कर चाँद पर कब्जा कर लिया। सागरों का सीना चीर कर वहां भी विजय पा ली। मगर अपनी जीत के गुमान में हम भूल गए कि हम इस ज़ंग में कुछ हासिल कर रहे हैं तो कुछ खो भी रहे हैं। इस तथा कथित माविया विकास का रास्ता वन वे ट्रैफिक कि तरह ही है। यहाँ वापसी कि कोई गुंजाइश नही रही। ईश्वर ने हमें बनाया था तो उस का दिल भी बहुत बड़ा है। प्रकृति ने भी जहाँ तक हुआ हमारी कुचेष्ठाओ को काफ़ी हद तक बर्दाश्त किया। मगर अब तो हद ही हो गई है।
बात सिर्फ़ तथाकथित मानवीय विकास की ही नही रह गई है। इस अंधी दौड़ में हम काफी आगे निकल गए हैं। मानव का लगातर विजय ने उसे दम्भ से चूर कर दिया है। अपने मग़रूर मिजाज के चलते आदमी प्रकृति के चेतावनिओं को लगातार अनदेखा करता चला आ रहा है। मगर ये ज़्यादा दिन चलने वाला नही है।
हम लगातार प्रकृति का इम्तेहान ले रहे हैं और दंभ में चूर उसे लगातर कुचलने पर आमादा हैं। जीत के नशे में हम भूल गए हैं कि कुदरत भी हमारा इम्तेहान ले सकती है।ओंर जिस दिन ऐसा होगा उस दिन हमारे पास पछताने का भी वक्त नही होगा।

Friday, September 4, 2009

बेरंग पान, बेनूर होंट


अगर आप पान खाने के शौकीन हैं तो आपकी सेहत के साथ साथ जेब के लिए भी बुरी ख़बर है। मौसम की मार और बीमारी के चलते इस बार पान की फसल को काफ़ी नुकसान हुआ है। इसका सीधा असर बाज़ार में पान की कीमतों पर पड़ा है। आम तौर पर दो से तीन रूपये में बिकने वाले सादे पान के लिए अब आपको पॉँच से लेकर सात रूपये तक चुकाने पड़ सकते हैं।वरना तो बाज़ार में सौ से पाँच सौ रूपये तक बिकने वाले स्पेशल पान भी हैं, मगर उनका आम आदमी से कुछ ख़ास लेना देना नही है।
अब शायद ही कोई आप से नुक्कड़ तक चलकर पान खाने का इसरार करे। नुक्कड़ की रौनक कुछ धुंधली सी पड़ गई है और पान की दुकानों पर मरघट का सा सन्नत पसरा है। इसकी वजह पान की कीमतों में हुई भारी वृद्धि है। ज़ाहिर है आदमी बकरी की तरह खाली पत्तियां चबाकर तो खुश हो नही सकता। पान में और भी कई सारी चीज़ें डाली जाती हैं जो इसे ना सिर्फ़ लजीज बनाती हैं बल्कि कुछ मामलो में तो आयुर्वेदिक औषधि तक की श्रेणी में ला देती हैं।
पुराने समय में तो पान खाने को ना सिर्फ़ शान ओ शौक़त से जोड़ कर देखा जाता था बल्कि पान को एक लज़ीज़ व्यंजन की तरह परोसा भी जाता था। आज भी पान के कद्रदानों की संख्या कम नही है। मगर यही हाल रहे तो शायद ही कोई गंगा किनारे का छोरा पान की शान में कसीदे पढ़कर ठुमके लगाये। माशूका के होंटो की सुर्खी और नवाबी मिजाज के लोगो की नजाकत और नफासत भी मंहगे पान की भेंट चढ़ जाने वाली है। अब तो बस उम्मीद और दुआ ही की जा सकती के पान के दाम घाट जायें।

दरअसल इस साल पूरा उत्तर भारत भयंकर सूखे की चपेट में है। बादल बरसे मगर इतनी देर से की कई फसलो ने तो दम ही तोड़ दिया। अब भला नाज़ुक और नफीस पान इतनी गर्मी कैसे बर्दाश्त कर पाता सो आधी से ज़्यादा फसल चौपट हो गई। रही सही कसर पान में लगी गिन्दार और दूसरी बिमारिओं ने पूरी कर दी। उधर पिछले कुछ समय में कत्थे और छाली के दामो में काफ़ी वृद्धि हुई है। सो पान का पत्ता आम आदमी के बस से बाहर की दौड़ लगा रहा है।
अब पान खाकर इतराने का वक्त शायद निकल गया है। तम्बाकू का विरोध करने वाले शायद इस से खुश हों मगर तम्बाकू के बिना भी पान काफ़ी बिकता है। पान के चाहने वाले इस सदमे से उब़र पाएंगे भी या नही, कहा नही जा सकता। फिलहाल तो हम इस मुसीबत की घड़ी में उन्हें सांत्वना ही दे सकते हैं।

Wednesday, August 19, 2009

जब गीदड़ कि मौत आती है...


कहते हैं की जब गीदड़ की मौत आती है तो वो शहर की तरफ़ भागता है।मगर आजकल ऐसा नही होता। शहर जंगल की तरफ़ भाग रहे हैं और रफ्तार भरे हाईवे गीदड़ की मौत का कारण बन रहे हैं। जी हाँ अब गीदड़ मरने के लिए शहर नही आता बल्कि सिर्फ़ हाईवे पार करने की कोशिश करता है।यकीन ना आए तो राष्ट्रीय राजमार्ग २४ या राष्ट्रीय राजमार्ग ९३ पर गुज़र कर देख लीजिये। गंगा और इस के आसपास के खादर के इलाके में हाईवे गीदडों के लिए यमदूत बन कर दौड़ रहे हैं।
अब ये लगभग रोजाना की ही बात हो गई है। कहने को तो गंगा के किनारे से करीब दस किलोमीटर की सीधी पट्टी को हस्तिनापुर वन्य जीव विहार का नाम दिया गया है। इस इलाके में नीलगाय, सांबर, गजेटिक डोल्फिन, गीदड़, हिरन, और विभिन्न प्रजाति के सौंप, इत्यादि विचरण करते नज़र आ जायेंगे। वन्य जीव विहार बनने से पहले तक भी शायद इनकी ज़िन्दगी में इतना खलल ना था। मगर अब तो इन सब ही की जान पर बन आई है। राष्ट्रीय राजमार्ग २४ को फोर लेन कर दिया गया है और अब इसे ६ लेन बनाए जाने की तय्यारी है। इस मौत के हाईवे पर ख़ुद इन्सान अपनी रफ़्तार का मारा आए दिन खून में डूबा नज़र आता है। उसकी अपनी मौत के पीछे कोई भी कारण हो मगर इंसान इस अनचाही मौत से बच सकता है। मगर इन बेजुबान जानवरों की कौन कहे। इन्हे हाईवे पर चलने के नियम कौन सिखायेगा? फिर ये बेचारे क्यों नियम सीखें भला? इन्हे तो आज़ादी से अपना जीवन गुजारने की आदत है। हम ने ना सिर्फ़ इनकी आजादी छीन ली है बल्कि अब तो इन्हे चैन से जीने भी नही दे रहे।
कम से कम हम इतना तो कर ही सकते थे की इन्हे आसानी से सड़क के पार जाने के लिए सुरक्षित रास्ता उपलब्ध करवा देते। पश्चिम के देशों में इस चीज़ का ख़ास ख्याल रखा जाता है। वहां तेज़ रफ़्तार हाईवे के किनारे फेंसिंग की जाती है ताकि भूले से कोई जानवर सड़क पर आकर अपनी तथा इंसान की मौत का कारन बने। साथ ही उन्हें आरपार गुजरने देने के लिए अंडर पास भी बनाये जाते हैं। मगर शायद हम अभी इतने सभ्य नही हैं कि जानवरों के बारे में सोचने में वक्त गवाएं। वैसे भी हमारी तेज़ रफ्तार होती ज़िन्दगी में इन फालतू बातों के लिए वक्त ही कहाँ है?
मगर इस सब में हम भूल जाते हैं कि जानवरों के साथ साथ हम अपनी ज़िन्दगी भी जोखिम में डाल रहे हैं। यकीन न आए तो राष्ट्रीय राजमार्गो पर इन जानवरों से टकराकर होने वाली मौत के आंकडे देख लो। मौत आने पर सिर्फ़ गीदड़ ही शहर कि तरफ़ नही भागता बल्कि इंसान भी जंगल होकर गुजरने वाला हाईवे पर जा पहुँचता है।